November 1, 2026

दून पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल

0
IMG-20261101-WA0002.jpg

देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। नयागांव के पास सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों युवक पुलिस को चकमा देकर भागने लगे। पुलिस टीम ने जब उनका पीछा किया, तो बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी पर फायरिंग कर दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। घायलों को उपचार के लिए प्रेमनगर अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल बदमाशों की पहचान हरिद्वार के रुड़की निवासी समीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर समेत अन्य क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाश कथित तौर पर वारदात को अंजाम देने के इरादे से निकले थे। इनके कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास है। समीम के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं, जबकि शहजाद के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है और वे पूर्व में हरिद्वार जेल जा चुके हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर भी घटना की जानकारी ली। वहीं, फॉरेंसिक साइंस लैब यानी एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *